Headlines

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भूटान में किया अंतर्राष्ट्रीय UPI के दूसरे चरण का शुभारंभ; 54 ‘मेड इन इंडिया’ इलेक्ट्रिक वाहन भी सौंपे

भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे और विदेश मंत्री डी.एन. ढुंगयेल के साथ भारत आने वाले भूटानी नागरिकों के लिए अंतर्राष्ट्रीय UPI के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। थिमफू की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भूटान में UPI के उपयोग के साथ अब भारत और भूटान के बीच दोतरफा UPI-आधारित डिजिटल भुगतान कनेक्टिविटी पूरी हो गई है।

यात्रा के दौरान भूटानी छात्रों द्वारा भारतीय संस्थानों में उच्च शिक्षा के लिए ‘नेहरू वांगचुक छात्रवृत्ति योजना’ को आगे बढ़ाने से संबंधित समझौते (MoU) का आदान-प्रदान भी किया गया। डॉ. जयशंकर ने इसे शिक्षा और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में भारत-भूटान सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

इसके अलावा, विदेश मंत्री ने भूटान के प्रधानमंत्री को 54 ‘मेड इन इंडिया’ इलेक्ट्रिक वाहन (EVs) सौंपे। उन्होंने कहा कि भारत ई-मोबिलिटी और टिकाऊ परिवहन के क्षेत्र में भूटान की प्रगति का पूर्ण समर्थन कर रहा है।

इससे पहले डॉ. जयशंकर ने भूटानी प्रधानमंत्री से मुलाकात की और कहा कि वे भारत-भूटान के अनूठे मैत्रीपूर्ण और सहयोगात्मक संबंधों के प्रति प्रधानमंत्री टोबगे की भावनाओं की गहराई से सराहना करते हैं। उन्होंने दोहराया कि भारत, भूटान की प्रगति और समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *