जबलपुर, 16 मई 2025। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने स्पष्ट किया है कि जबलपुर में आयोजित सिविल डिफेंस वॉलेंटियर प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उनके बयान को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है, जो पूरी तरह भ्रामक और असत्य है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने अपने भाषण में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में सेना के जांबाज जवानों के शौर्य की प्रशंसा की थी। मैंने कहा था कि पूरा देश और देश की जनता उनके चरणों में नतमस्तक है और उन्हें प्रणाम करती है। मैंने भी उन्हें श्रद्धा सहित नमन किया।”
देवड़ा ने जोर देकर कहा कि उनके वक्तव्य का उद्देश्य केवल यह था कि देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति हम सभी को सम्मान प्रकट करना चाहिए। उन्होंने खेद जताते हुए कहा कि दुर्भाग्यवश इस बयान को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर, इसकी मूल भावना को तोड़ा-मरोड़ा गया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि न तो उन्होंने कोई आपत्तिजनक बात कही है और न ही ऐसा कोई बयान दिया है जिसके लिए माफी मांगनी पड़े। “मैंने किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाई है। मेरे बयान को जिस तरह से गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है, वह अत्यंत दुखद है,” उन्होंने कहा।
उप मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि इस प्रकार की भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण रिपोर्टिंग करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
